भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चाय निर्यातक, श्रीलंका को पीछे छोड़ा

भारत अब 25 से अधिक देशों को चाय निर्यात करता है, जिनमें यूएई, इराक, ईरान, रूस, अमेरिका और यूके प्रमुख हैं.

Noida | Published: 29 Mar, 2025 | 11:23 AM

भारत ने चाय निर्यात के मामले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. अब भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चाय निर्यातक बन चुका है. भारत ने श्रीलंका को पीछे छोड़ दिया है. भारतीय चाय बोर्ड से जारी आंकड़ों के अनुसार, 2024 में भारत ने 255 मिलियन किलोग्राम चाय का निर्यात किया, जो पिछले साल के मुकाबले 10 प्रतिशत अधिक है. पूरी दुनिया में केन्या अब भी चाय निर्यात के मामले में पहले स्थान पर बना हुआ है.

2024 में चाय निर्यात

भारत का 2024 में चाय का निर्यात 255 मिलियन किलोग्राम तक पहुंच गया, जो पिछले 10 सालों में सबसे अधिक है. साल 2023 में भारत ने 231.69 मिलियन किलोग्राम चाय निर्यात की थी. यह बढ़ोतरी भारतीय चाय इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी सफलता है और देश के एक्सपोर्ट सेक्टर को एक नई दिशा दे रही है.

आय में बढ़ोतरी

भारत का चाय निर्यात 2024 में 7,111 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो 2023 में 6,161 करोड़ रुपये था. इस इजाफे का मुख्य कारण इराक जैसे देशों में चाय की बढ़ती मांग है. इराक अब भारत के चाय निर्यात का 20 प्रतिशत हिस्सा बन चुका है. चाय व्यापारियों का अनुमान है कि इस कारोबारी साल में पश्चिम एशियाई देशों को 40 से 50 मिलियन किलोग्राम चाय निर्यात की जाएगी, जिससे भारत की कमाई में और बढ़ोतरी हो सकती है.

25 से अधिक देशों में निर्यात

भारत अब 25 से अधिक देशों को चाय निर्यात करता है, जिनमें यूएई, इराक, ईरान, रूस, अमेरिका और यूके प्रमुख हैं. भारतीय निर्यातक, जिन्होंने श्रीलंका के घटते चाय उत्पादन का फायदा उठाया है, अब पश्चिम एशिया के बाजारों में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखे हुए हैं.

भारत के चाय निर्यातक अब श्रीलंका के घटते चाय उत्पादन का फायदा उठा रहे हैं. निर्यातक पश्चिम एशिया सहित अन्य देशों में अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहे हैं. इन देशों में चाय की बढ़ती मांग ने भारत को एक प्रमुख चाय निर्यातक बना दिया है. भारतीय चाय इंडस्ट्री ने नए बाजारों में अपनी पहचान बनाई है, जिससे व्यापार में नई संभावनाएं और अवसर पैदा हुए हैं. भारत अब चाय निर्यात के क्षेत्र में और भी मजबूती से अपनी स्थिति बनाए रखने के लिए कदम उठा रहा है.